Chhattisgarh Politics: मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने बयान पर दी सफाई, कहा- कांग्रेस में कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बनता…

Raipur News: मंत्री टीएस सिंहदेव ने चुनाव से पहले भविष्य को लेकर निर्णय लिए जाने वाले बयान पर स्पष्ट किया है कि कांग्रेस में अपने से कोई भी मुख्यमंत्री नहीं बनता, न बन सकता है। सबकुछ हाईकमान तय करता है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कहीं आग लगी है, तो हवा दे दो। बीजेपी को अपना काम देखना चाहिए। अब तो उनके पास केवल 14 विधायक ही बचे हैं।

दरअसल, मंत्री टीएस सिंहदेव ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं की बात पर कहा था कि, वे चुनाव से पहले अपने भविष्य को लेकर कोई निर्णय लेंगे। मीडिया में बयान के सामने आते ही सियासत तेज हो गई थी। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने तंज कसते हुए कहा था सिंहदेव ने व्यथित होकर सरकार के खिलाफ बयान दिया। ये इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ में एकला चलो की नीति चल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में कोई टीम वर्क नहीं है। इससे पहले भी सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कामकाज की आलोचना की। सिंहदेव घोषणा पत्र समिति के संयोजक थे। जनता उनसे वादों को पूरा नहीं करने का सवाल उठा रही है। इससे व्यथित होकर उन्होंने ऐसा बयान दिया है। ये बताता है कि कांग्रेस के भीतर क्या चल रहा है।

वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सिंहदेव के बयान का बचाव करते हुए कहा था कि कोई गलत बयान नहीं है। सबको अपने भविष्य का फैसला लेने का अधिकार है। हम भी चुनाव लड़ने से पहले कार्यकर्ताओं से बात करके फैसला लेते‌ हैं। उनके बयान को कुछ लोग गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।