Chhattisgarh News: सरगुज़ा में धान खरीदी के लिए बचे है सिर्फ़ इतने दिन, अब तक तय लक्ष्य से 10 हजार मीट्रिक टन ज्यादा हो चुकी धान खरीदी

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अवधि समाप्त होने में 5 दिन बचे हैं। इसके पूर्व सरगुजा जिले में सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में अपने अनुमानित लक्ष्य से 10 हजार मैट्रिक टन ज्यादा धान खरीदी कर ली है। अभी भी धान खरीदी जा रही है। सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा के कुशल मार्गदर्शन के कारण यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पहले से ज्यादा किसानों ने धान बेचने में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। उनके चेहरे की मुस्कुराहट यह साफ-साफ बता रही है कि इस बार धान बेचने में उन्हें किसी भी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। बड़े आसानी से सभी किसानों ने अपना धान बेचा।

सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा के साथ साथ पूरा प्रशासनिक अमला ही इस उपलब्धि के लिए बधाई का पात्र है। समर्थन मूल्य में जिले के लिए निर्धारित अनुमानित लक्ष्य से 10170 मीट्रिक टन अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 हेतु 31 जनवरी की स्थिति में 46 उपार्जन केंद्रों में कुल 2 लाख 16 हजार 815 मीट्रिक टन धान की खरीदी समर्थन मूल्य में हुई है। जबकि अनुमानित लक्ष्य 2 लाख 6 हजार 645 मीट्रिक टन है।

जिला विपणन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष समर्थन मूल्य में धान बेचने जिले के 49 हजार 613 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 41 हजार 76 किसानों ने अपना धान बेच लिया है जो कुल पंजीकृत किसानों का 82 प्रतिशत है। अब तक खरीदे गए धान का 37.26 प्रतिशत का उठाव मिलर्स द्वारा किया गया है।
कलेक्टर संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की उत्तम व्यवस्था होने से किसानों को समर्थन मूल्य में धान बेचने में सुविधा हो रही है। इससे किसान जल्दी धान बेच रहे हैं। अब धान खरीदी में केवल 5 कार्य दिवस ही शेष है। अब तक 4 फरवरी तक की खरीद के लिए शेष किसानों को टोकन भी जारी कर दिया गया है।