रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार की खौफनाक रात ने रिश्तों की मर्यादा और सुरक्षा पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। मोवा थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक सनकी जीजा ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही दो सालियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। पेशे से बाउंसर आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) अपनी पत्नी पर बेवजह शक करता था, जो इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह बना।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद जब उसकी पत्नी बच्चे को लेकर अपने मायके चली गई, तो आरोपी रात करीब 9:30 बजे वहां जा धमका और बच्चे से मिलने की जिद पर अड़ गया। जब उसकी सालियों, गीतांजली (26) और दुर्गेश्वरी (24) ने उसे समझाने की कोशिश की, तो आपा खो चुके जितेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली माथे पर लगने से गीतांजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दुर्गेश्वरी ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने भागने के बजाय सड़क पर हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई और फिर खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
