अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट परिसर में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन कर बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से बधाई देते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने 10वीं की जिला टॉपर ज्योति साहू और 12वीं के टॉपर बाबा आशीष केरकेट्टा को उनके कठिन परिश्रम के लिए पुरस्कृत स्वरूप लैपटॉप प्रदान किए।
गौरतलब है कि इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में ज्योति साहू ने 97.33% अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, वहीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में बाबा आशीष केरकेट्टा ने 94.4% अंक अर्जित कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। सम्मान समारोह के दौरान दोनों छात्र अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे थे, जहाँ अधिकारियों की उपस्थिति में उनकी सफलता की सराहना की गई।
भविष्य के लक्ष्यों के बारे में चर्चा करते हुए ज्योति ने अपनी रुचि इंजीनियरिंग क्षेत्र में बताई, वहीं आशीष ने देश की सेवा के लिए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने की इच्छा जाहिर की। कलेक्टर अजीत वसंत ने दोनों की आकांक्षाओं को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
