Chhattisgarh News: नशे का सौदागर पकड़ाया… घर में छिपा रखा था नशे का सामान.. 1 लाख रुपये का गांजा बरामद

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने एक गांजा बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। उसने नशे के इस सामान को अपने ही घर में छिपा रखा था। कई दिनों से वह ऐसा ही कर रहा था। आखिरकार पुलिस तक इसकी सूचना पहुंच गई और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला तुमला थाना क्षेत्र का है। आरोपी के पास से करीब एक लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लगातार इस बात की शिकायत मिल रही थी कि सराईटोला बैगापारा निवासी शोभित राम चौहान घर में रखकर गांजा बेचता है। आस-पास के लोगों को वह गांजा सप्लाई करता है। जिसके बाद पुलिस ने रविवार को मौके पर जाकर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया गया है।

पूछताछ में शोभित ने बताया कि वह काफी दिनों से इस काम में लगा था। वह इस गांजे को ओडिशा से लेकर आया था। आस-पास के इलाकों में भी वह इसे बेचता था। अब पुलिस को उम्मीद है कि इस युवक के जरिए पुलिस और तस्करों तक पहुंच सकती है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।