महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद जिला पुलिस को अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीते दिनों जब्त किए गए 912 किलोग्राम गांजे की तस्करी के मुख्य मास्टरमाइंड विनय शर्मा को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। बाजार में इस जब्त गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी विनय शर्मा उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में 10 से अधिक शराब ठेकों का संचालन करता है। वह इन्हीं वैध शराब ठेकों और अपने रसूख की आड़ में लंबे समय से देश के विभिन्न राज्यों में नशे का अवैध अंतरराज्यीय कारोबार चला रहा था। पुलिस की टीमें काफी समय से इसके इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक करने में जुटी हुई थीं।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस ने इसी साल 17 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में गांजा ले जा रहे तस्करों को रंगे हाथों दबोचा था। उस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 912 किलो गांजा बरामद किया था, जिसके बाद से ही पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए आखिरकार पुलिस की एक विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर मुख्य सूत्रधार विनय शर्मा को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों और तस्करों के नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।
