अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर-विश्रामपुर मार्ग पर आरटीओ की उड़नदस्ता टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहीं 5 टैक्सी जीपों को जब्त कर लिया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय सोनी के कड़े निर्देश पर मुस्तैद हुई टीम ने इन खटारा वाहनों को उस वक्त दबोचा, जब ये सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए दौड़ रही थीं। जांच में सामने आया कि ये सभी जीपें 1998-99 मॉडल की हैं, जो अपनी म्याद पूरी कर चुकी हैं।
इसके बावजूद बिना किसी वैध परमिट के, क्षमता से दोगुनी-तिगुनी सवारियां भरकर इन्हें बेहद खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था। मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन करने वाले इन वाहनों से न सिर्फ राजस्व को चूना लग रहा था, बल्कि यात्रियों की जान भी दांव पर लगी हुई थी। आरटीओ अधिकारी विनय सोनी ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध परिवहन और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
