धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां अलसुबह सिहावा चौक के पास संजय आर्ट्स के सामने एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है। देर रात गश्त पर तैनात कोतवाली थाने के पुलिसकर्मियों की बाइक को एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ ड्यूटी पर तैनात नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हादसे के बाद से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दुर्घटना कितनी खौफनाक थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी पिकअप चालक बाइक को सड़क पर करीब 100 मीटर से अधिक दूरी तक घसीटते हुए ले गया। इस दर्दनाक घसीट के कारण प्रधान आरक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लहूलुहान हालत में नगर सैनिक दिलीप पांडे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
हादसे को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकेबंदी कर ‘हिंद ट्रांसपोर्ट’ के उस पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और शहीद प्रधान आरक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
