उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी की आधी रात को शैव और वैष्णव परंपरा के अलौकिक मिलन का साक्षी पूरा शहर बना। रविवार रात 11 बजे बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर शाही ठाठ-बाट के साथ गोपाल मंदिर के लिए रवाना हुए। महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार होते हुए जब सवारी आगे बढ़ी, तो मार्ग में पहले से पलक-पांवड़े बिछाए खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपने आराध्य का भव्य स्वागत किया। हालांकि, प्रशासन द्वारा हिंगोट और आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कई स्थानों पर जमकर पटाखे चलाए गए, लेकिन चप्पे-चप्पे पर तैनात भारी पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखा।
ठीक रात 12 बजे बाबा महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर पहुंची, जहां भगवान द्वारकाधीश (श्रीहरि) और बाबा महाकाल (हर) का ऐतिहासिक मिलन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के बीच दोनों देवताओं का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक कर विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान महाकाल ने अपनी प्रिय बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की, जबकि भगवान द्वारकाधीश ने तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। मालाओं के इस दिव्य आदान-प्रदान के साथ ही चार महीने से भगवान शिव के पास रहा सृष्टि के संचालन का दायित्व पुनः भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीकात्मक विधान पूरा हुआ।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा में जाने के बाद चार माह तक सृष्टि का भार भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर श्रीहरि के जागने के बाद कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात महाकाल स्वयं गोपाल मंदिर पहुंचकर उन्हें यह जिम्मेदारी वापस सौंपते हैं। गोपाल मंदिर के पुजारी मधुर शर्मा और महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि सिंधिया रियासत के समय से चली आ रही यह परंपरा सौ साल से भी अधिक पुरानी है। वर्ष में एक बार होने वाला यह आयोजन न केवल गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच आपसी एकता, सद्भाव और समन्वय का जीवंत संदेश भी देता है।
