जांजगीर-चांपा। श्री मल्टी स्पेशलिटी बर्न एवं ट्रामा सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों और स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आई खामियों के बाद अब मामला अस्पताल की व्यवस्थाओं से आगे बढ़कर खबरों को प्रभावित करने की कथित कोशिश तक पहुंच गया है।
आरोप है कि अस्पताल संचालक अपनी व्यवस्थागत कमियों और लगातार उजागर हो रहे सवालों का जवाब देने के बजाय खबरों को मैनेज करने की कोशिश में जुट गए हैं। इसके लिए एक कथित पत्रकार को ही माध्यम बनाकर खबरों के प्रकाशन पर विराम लगाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।
दरअसल, अस्पताल के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद लगातार खबरें प्रकाशित हो रही हैं। इन खबरों में अस्पताल के संचालन, चिकित्सकों की उपलब्धता, दस्तावेजों और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण कार्रवाई में भी कई खामियां सामने आने की जानकारी है। जांच प्रतिवेदन और संभावित विभागीय कार्रवाई को लेकर भी सवाल बने हुए हैं।
इसी बीच आरोप है कि अस्पताल संचालक ने अपनी कमियों पर जवाब देने के बजाय खबरों को रुकवाने के लिए एक कथित पत्रकार को आगे किया। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति खबर प्रकाशित करने वाले नेशनल न्यूज़ चैनल के पत्रकार से संपर्क कर मामले को मैनेज करने और आगे खबरें प्रकाशित नहीं करने का संदेश लेकर पहुंचा था। लेकिन उसे वहां से दो टूक जवाब मिला कि अब यह खबर रुकने वाली नहीं है। इसके बाद कथित तौर पर खबर मैनेज करने पहुंचे व्यक्ति को वापस लौटना पड़ा।
यह पूरा घटनाक्रम कई सवाल खड़े करता है। यदि अस्पताल की व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप हैं तो संचालक को दस्तावेजों और तथ्यों के साथ सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आखिर सवालों का जवाब देने के बजाय खबरों को प्रभावित करने की कोशिश क्यों की जा रही है? क्या अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आई खामियों और संभावित कार्रवाई की चिंता सता रही है?
खबरों पर दबाव बनाकर सवालों को दबाया नहीं जा सकता…
लोकतंत्र में पत्रकारिता का काम व्यवस्थाओं से सवाल करना और जनता के सामने तथ्यों को रखना है। किसी संस्थान की कमियों पर सवाल उठने के बाद खबरों को रुकवाने की कोशिश अपने आप में गंभीर विषय है। अस्पताल संचालक को यह समझना होगा कि खबरों का जवाब खबर रोककर नहीं, बल्कि तथ्यों और दस्तावेजों के माध्यम से दिया जाता है।
फिलहाल अस्पताल की जांच रिपोर्ट, स्वास्थ्य विभाग की आगे की कार्रवाई और उठाए गए सवालों पर प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। लेकिन इतना तय है कि अस्पताल से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग अब भी कायम है।
