तिरुचिरापल्ली। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास उस समय हुई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में तंजावुर जिले के महाराजपुरम निवासी ए. शक्तिवेल (45) भी शामिल हैं।
इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
दूसरी ओर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा आघात व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अस्पताल में भर्ती दोनों गंभीर घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित किया जाए।
