सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। अकाउंट हैक करने के बाद जालसाज संपर्कों में मौजूद लोगों को क्यूआर कोड (QR Code) भेजकर रुपयों की मांग कर रहे हैं।
मामले का पता चलते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आम जनता और शुभचिंतकों से अपील करते हुए कहा, “मुझे अभी-अभी सूचना मिली है कि मेरा मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप हैक कर लिया गया है। इसके जरिए लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं। मैं सभी से आग्रह करती हूँ कि किसी भी झांसे में न आएं और भेजे जा रहे क्यूआर कोड पर किसी भी तरह की राशि ट्रांसफर न करें।”
मंत्री ने आगे बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही साइबर पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित नंबर व फर्जी ट्रांजैक्शन माध्यमों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है।
