छत्तीसगढ़: एनएच पर दर्दनाक हादसा… ट्रैक्टर ट्राली में दबने से महिला मजदूर की मौत.. दो अन्य घायल

बिलासपुर। बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाइवे क्रमांक-130 के निर्माण में लगा ट्रैक्टर-ट्राली पेंडरवा के पास पलट गए। इस हादसे में एक महिला मजदूर की दबने से मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई। बिलासपुर-कटघोरा मार्ग पर नेशनल हाइवे क्रमांक-130 का निर्माण कार्य चल रहा है।

पेंडरवा में सड़क किनारे बस स्टॉप बन रहा है। इसके लिए ट्रैक्टर से टाइल्स लाए जा रहे थे। इस काम में कछार का ट्रैक्टर लगा हुआ था। दोपहर को ट्रेक्टर टाइल्स लेकर आया। पेंडरवा निवासी महरानी कश्यप पिता शरद कश्यप (43 वर्ष), डिंडनेश्वरी कश्यप पति संतोष कश्यप (42 वर्ष), अंजू कश्यप पति वीरेंद्र कश्यप (28 वर्ष) काम में लगी थी।

पेंडरवा के पास आधा टाइल्स खाली करने के बाद बाकी टाइल्स को दूसरे जगह ले जाना था। ट्रैक्टर ड्राइवर ने तेज रफ्तार से ही अचानक गाड़ी मोड़ दी। इससे ट्रैक्टर पलट गया और इसमें सवार महिला मजदूर गिर गईं। डिंडनेश्वरी कश्यप गाड़ी के नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं काम पर लगी दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों को एंबुलेंस बुलाकर सिम्स भिजवाया गया।