छत्तीसगढ़: जंगल में मिला मानव पैर, मचा हड़कंप; शरीर के अन्य हिस्सों को तलाश रही पुलिस

बिलासपुर। जिले के रतनपुर क्षेत्र के लालपुर पोड़ी के रमचंदा जंगल में सोमवार की सुबह तालाब के किनारे प्लास्टिक की थैली में मानव अंग मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंग को जब्त कर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि, किसी महिला के पैर का पंजा है। पुलिस शव के दूसरे हिस्से की तलाश कर रही है।

सोमवार की सुबह पोड़ी के ग्रामीण जंगल में मवेशी चराने गए थे। ग्रामीणों ने देखा कि, प्लास्टिक की थैली से मानव पैर का पंजा बाहर दिख रहा है। इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डाग स्क्वायड और गोताखोरों की मदद से तालाब में शव के दूसरे हिस्सों की खोज शुरू कर दी है।

आशंका जताई जा रही है कि, हत्या के बाद शव को छिपाने प्लास्टिक की थैली में बांधकर तालाब में फेंका गया होगा। पैर को जंगली जानवर बाहर निकाल लाए होंगे। पुलिस की टीम शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश शुरू कर दी है।

एक तरफ पुलिस शव के दूसरे हिस्से की खोज कर रही है। वहीं, आसपास के थानों से गुम इंसान की जानकारी भी मांगी गई है। शव ज्यादा पुराना नही होने से दूसरे हिस्से के मिलने पर मृतक की पहचान भी हो सकती है। फिलहाल पुलिस दूसरे हिस्से को खोज नही पाई है।