अम्बिकापुर में पुलिस को चैलेंज कर रहे चोर? दो मकानों के टूटे ताले, 10 लाख से ज्यादा की चोरी; राज्यसभा सांसद के घर को भी नहीं छोड़ा

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में चोरों ने होली की रात एक व्यवसायी के मकान में हाथ साफ कर दिया। व्यवसायी अपने परिवार के साथ झारखंड में अपने पैतृक गांव गया हुआ था। उसके अम्बिकापुर निवास में हुई चोरी की वारदात की सूचना शनिवार को पड़ोसियों ने दी। इसके बाद व्यवसायी अम्बिकापुर लौटा तो देखा कि, घर के अंदर लगे हर जगह के ताले टूटे हुए थे। चोर घर के अंदर से 10 लाख का माल लेकर फरार हो गए थे। यह वारदात गांधी नगर थाना क्षेत्र में हुई है। इसी इलाके में सांसद रामविचार नेताम के सरकारी बंगले में भी चोरी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, नमनाकला पावर हाउस निवासी व्यवसायी चंद्रसेन तिवारी जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। उनका बेटा चोलामंडलम में काम करता है। वह 17 मार्च को झारखंड के ग्राम उटारी में अपने पैतृक गांव गए हुए थे। एक दिन बाद 19 मार्च की सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने उन्हें कॉल कर बताया कि, मकान के मेन गेट पर लगा ताला टूटा हुआ है। इस पर व्यवसायी परिवार सहित शाम को अम्बिकापुर लौट आए।

जब वह अपने घर पहुंचे और अंदर गए तो देखा कि मेन गेट के साथ ही दो कमरे के ताले भी टूटे हुए थे। अंदर बेडरूम में सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने बेड के ड्रॉर में रखे थे, जो गायब हैं। हालांकि पुलिस इसे करीब 6-7 लाख की चोरी बता रही है। वहीं ASP विवेक शुक्ला का कहना है कि चोरी हुए सामान का आकलन किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें-