सरगुज़ा: धान खरीदी त्यौहार की हुई शुरुआत, कलेक्टर ने खरीदी केंद्र का लिया जायजा, पात्र किसानों के एक-एक धान खरीदी के दिए निर्देश

धान खरीदी के पहले दिन सरगुज़ा कलेक्टर संजीव कुमार झा एवं एसपी अमित तुकाराम कांबले ने सरगुजा के सरहदी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। बलरामपुर जिले से लगे लुण्ड्रा विकासखंड के धौरपुर, डूमरडीह, सहनपुर तथा ससौली धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक मूलभूत संसाधनों के संबंध में पूछताछ की।

इस दौरान कलेक्टर ने खुद खरीदे गए धान की गुणवत्ता, धान की तौल, बारदाने का वजन, नमी की मात्रा, टोकन काटना, बारदाने, ट्रांसपोर्टेशन, सीसीटीवी की व्यवस्था का जायजा लिया साथ ही धान बेचने आए किसानों से बातचीत भी की व जिले में चल रहे सुचारू धान खरीदी व्यवस्था के लिए खुशी जाहिर की।

कलेक्टर ने सभी धान उपार्जन केंद्र में निगरानी समिति के सदस्यों तथा किसानों से धान खरीदी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नही होनी चाहिए। उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।