सरगुजा: हनुमानजी की विशाल प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा के साथ नगर में मना हनुमान जन्मोत्सव

अम्बिकापुर (सीतापुर/अनिल उपाध्याय)। आदर्शनगर स्थित सिंचाई कॉलोनी में नवनिर्मित हनुमानजी की विशालकाय प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा के साथ नगर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया गया। आदर्शनगर में निर्मित हनुमानजी की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व वहाँ अखंड रामायण का आयोजन किया गया था। अखंड रामायण के बाद पुरोहितों ने पूरे विधि विधान पूर्वक एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हनुमानजी की विशाल प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कराया। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई जो नगर भ्रमण के साथ आदर्शनगर जाकर समाप्त हुई। अंत मे भक्तजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था जहाँ भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

हनुमान वाटिका में भी मना हनुमान जन्मोत्सव

नया बसस्टैंड के पास स्थित हनुमान वाटिका में भी हनुमानजी का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम एवं भक्तिभाव से मनाया गया। इस अवसर पर यहाँ अखंड रामायण पाठ के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था। जहाँ काफी संख्या में पहुँचे श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।