अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. ग्राम सोनतराई के पास एक अनियंत्रित बाइक सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी. इस हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बतौली विकासखंड के ग्राम देवरी निवासी अविनाश उर्फ राहुल सिंह (25 वर्ष) मंगलवार को अपने किसी परिचित के घर ग्राम गुरगुमा आया हुआ था. देर रात वह अपनी बाइक (क्रमांक CG15-EH-3889) से वापस अपने गांव देवरी लौट रहा था. इसी दौरान कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सोनतराई के पास उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रेलर (क्रमांक RJ02-GB-7128) के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल के सिर पर गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है. मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के विरुद्ध धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जवान बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटिया सड़क मरम्मत ने ली जान?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दुर्घटना की मुख्य वजह सड़क पर बना एक जानलेवा गड्ढा है. आशंका जताई जा रही है कि, अंधेरे में गड्ढे के कारण युवक की बाइक अनियंत्रित हुई और ट्रेलर से जा भिड़ी.
बता दें कि करीब दो महीने पहले ही ठेकेदार द्वारा ग्राम सोनतराई से सुर तक सड़क मरम्मत का कार्य कराया गया था. उस समय भी ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे, लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया. महज दो महीने में ही ‘थूक-पॉलिश’ वाली यह मरम्मत उखड़ने लगी है, जिससे नेशनल हाईवे पर जानलेवा गड्ढे बन गए हैं. यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं भरा गया, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं.
