सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रपुर स्थित ‘आदित्य नाश्ता होटल’ की रसोई में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है, जो इसी होटल में कार्यरत था। सुबह करीब पांच बजे जब अन्य कर्मचारी होटल पहुंचे, तो रसोई के भीतर गोलू को फंदे से लटकता देख सन्न रह गए। आनन-फानन में इसकी जानकारी होटल संचालक को दी गई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा संदेह तब पैदा हुआ जब पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही होटल प्रबंधन ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। नियमतः पुलिस और फॉरेंसिक जांच से पहले घटनास्थल के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाती, ऐसे में शव को पहले ही नीचे उतारे जाने को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की खबर मिलते ही बदहवास परिजन भी मौके पर पहुंचे। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया या फिर इस मौत के पीछे कोई गहरी साजिश है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों व होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
