अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोयदा खुटेनपारा में शराब के नशे में रोज-रोज होने वाले विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद आवेश में आकर एक ग्रामीण ने 40 वर्षीय व्यक्ति की टांगी (कुल्हाड़ी) मारकर नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद हरकत में आई लखनपुर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर दबोच लिया।
घटना 12 अक्टूबर की रात लगभग 9:40 बजे की है, जब सोयदा खुटेनपारा निवासी दोन्दू राम (40 वर्ष) का रक्तरंजित शव उसके घर के बाहर सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पत्नी दुरपति बाई की सूचना पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा कराया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही 48 वर्षीय घूरसाय को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक दोन्दू राम अक्सर शराब के नशे में उसके घर आकर गाली-गलौज और विवाद करता था। घटना वाली रात भी जब दोन्दू राम विवाद करने लगा, तो तंग आकर घूरसाय ने घर में रखी टांगी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी घूरसाय की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक पीताम्बर सिंह, अजय पाण्डेय, छत्रपाल सिंह, अमित प्रताप सिंह, महिला आरक्षक अजन्ति सिंह, आरक्षक आशीष चौहान, दशरथ राजवाड़े एवं सैनिक विजय चौहान की प्रमुख भूमिका रही।
