अम्बिकापुर। शहर के आकाशवाणी चौक स्थित प्रतिष्ठित उर्सुलाइन कॉन्वेंट स्कूल के छात्रावास में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल भवन की छत पर चढ़कर छलांग लगाने की कोशिश करने लगी। छात्रा को मुंडेर पर खतरनाक स्थिति में देख परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने अदम्य साहस दिखाते हुए दीवार के सहारे बाहर से चढ़कर छात्रा को सुरक्षित खींच लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, स्कूल प्रबंधन और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दिनेश झा तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा काफी देर तक छत के किनारे खड़ी रही, जिससे नीचे मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं। भीड़ और प्रशासन उसे नीचे से समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक जांबाज युवक ने फुर्ती दिखाते हुए पीछे के हिस्से से ऊपर चढ़कर ऐन वक्त पर उसे पकड़ लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा मूलतः जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र की रहने वाली है और यहां मिशनरी स्कूल के हॉस्टल में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास क्यों किया, इसके वास्तविक कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस और शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं हॉस्टल प्रबंधन व सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि तनाव या किसी अन्य विवाद की असली वजह सामने आ सके।
