हर ग्राम पंचायत में पहुंचाएं कृषि पंचांग: डॉ. रमन सिंह

मुख्यमंत्री ने किया कृषि पंचांग का विमोचन

रायपुर,  एक जनवरी 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां अपने निवास पर नव-वर्ष 2014 के कृषि पंचांग का विमोचन किया। मुख्यमंत्री इस अवसर पर कहा कि इस पंचांग में खेती-किसानी के संबंध में प्रकाशित की गयी जानकारियां किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के स्तर तक पंचांग की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जानी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक किसान इसमें दी गयी जानकारियों का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से प्रकाशित इस पंचांग में खेती-किसानी की जानकारी, प्रत्येक माह किए जाने वाले प्रमुख कृषि कार्य, कृषि-उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों, उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग, विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, प्रदेश में कृषि शिक्षा के उपलब्ध अवसर, किसान क्रेडिट कार्ड, स्व सहायता समूहों, कृषि विज्ञान केन्द्रों की जानकारी, कृषि अनुसंधानों और विभिन्न फसलों की नवीनतम उत्पादन तकनीकों के संबंध में जानकारियां प्रकाशित की गयी हैं। इस अवसर पर रायपुर संभाग के कमिश्नर डॉ. बी.एल. तिवारी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. व्ही.के. पाटिल सहित डॉ.जे.एस.उरकुरकर, डॉ. एस.एस. टुटेजा और डॉ. दीपक शर्मा सहित नाबार्ड के अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कृषि पंचांग के प्रकाशन पर कुलपति डॉ. पाटिल को बधाई और शुभकामनाएं दीं। डॉ. पाटिल ने मुख्यमंत्री को बताया कि कृषि पंचांग की अस्सी हजार प्रतियां प्रकाशित करायी गयी हैं। यह पंचांग कृषि विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के बीस कृषि विज्ञान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे। पंचांग की कीमत दस रुपए रखी गयी।