मुख्यमंत्री ने अकलतरा सड़क हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया

रायपुर

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे जांजगीर-चाम्पा जिले के अकलतरा में हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। यह दुर्घटना आज सवेरे अकलतरा के मुख्य मार्ग पर बिलासपुर की ओर से आ रहे एक वाहन और ट्रक में टक्कर के फलस्वरूप हुई। इसमें वाहन में बैठे चार लोगों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई और एक घायल की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन पुरूष शामिल हैं। हादसे में चार यात्री घायल हुए हैं। इनमें से दो को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है और दो घायलों का इलाज अकलतरा के स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।