सच्चे दिल से इबादत में होती है सबकी बेहतरी की दुआ: डॉ. रमन सिंह

रायपुर 

  • छत्तीसगढ के हज यात्रियो को हज किट वितरित

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मंदिर, मस्जिद या दरगाह जैसे किसी भी पवित्र स्थान पर सच्चे दिल से की जाने वाली इबादत में सबकी बेहतरी की दुआ होती है। जब कोई भी व्यक्ति साफ दिल से इबादत के लिए वहां जाता है, तो वह उस वक्त सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि सबकी सलामती और खुशहाली के लिए दुआ मांगता है। सभी धर्मोंं के आस्था केन्द्र उस वक्त दुआ मांगने वालों के लिए जन्नत की तरह सुख-शांति से परिपूर्ण लगते हैं।
डॉ. रमन सिंह ने आज दोपहर यहां छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों को हज किट का वितरण करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय और राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने भी हज यात्रियों को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री सहित सभी वक्ताओं ने हज यात्रियों की सुखद और आरामदायक यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ से इस वर्ष 345 लोग हज यात्रा के लिए मक्का-मदीना जाएंगे। उनके लिए स्थानीय खालसा स्कूल परिसर स्थित माता सुन्दरी सभाकक्ष में  आज हज किट वितरण सहित टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से डॉ. रमन सिंह ने कहा-यात्राओं से मनुष्य को अपने जीवन में नये अनुभव होते हैं और हज यात्रा जैसी तीर्थ यात्राओं से यात्रियों के व्यक्तित्व में व्यापकता आती है। आप सामाजिक और पारिवारिक व्यक्ति के रूप में वहां जाते हैं, लेकिन जब लौटते हैं तो अपने व्यक्तित्व में व्यापकता लेकर लौटते हैं। क्योंकि दुनिया के विभिन्न देशों के लोगों से वहां मेल मुलाकात होती है और उनके रहन-सहन और उनके देशों की संस्कृतियों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा -आपको इस पावन यात्रा का सौभाग्य मिला है। आपकी वर्षों की मनोकामना पूरी हो रही है। मुख्यमंत्री ने उनसे यह भी आग्रह किया कि हर बार की तरह इस वर्ष की हज यात्रा में भी छत्तीसगढ़ के यात्री राज्य की तरक्की और खुशहाली तथा भारत और पूरी दुनिया के लिए सुख-शांति और समृद्धि की दुआ मांगेंगे।CG HAJ YATRI
डॉ. रमन सिंह ने मुस्लिम समाज के लोगों से बेटियों की शिक्षा पर विशेष रूप से ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा – छत्तीसगढ़ सरकार की लगातार यह कोशिश है कि हमारे प्रदेश के हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिले। आपकी हज यात्रा बेहतर तरीके से हो। इसके लिए राज्य सरकार छत्तीसगढ़ हज कमेटी को हर संभव मदद कर रही है। डॉ. रमन सिंह ने कहा – छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों को अपनी विमान यात्रा के लिए नागपुर जाना पड़ता है। राज्य सरकार राजधानी रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा दिलाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए मैंने केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री से भी चर्चा की है। रायपुर के विमानतल को अंतर्राष्ट्रीय दर्जा मिलने पर छत्तीसगढ़ के हज यात्री सीधे यहां से हज के लिए उड़ान भर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों को हज किट का वितरण कार्य का शुभारंभ किया और प्रतीक स्वरूप कई हज यात्रियों को हज किट प्रदान किए। प्रत्येक हज किट में हज यात्री के लिए प्राथमिक चिकित्सा सामग्री, चटाई, ज़ानमाज, पासपोर्ट रखने का बैग और कुछ अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल हैं। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह सहित प्रदेश के सभी वक्ताओं ने उनकी तीर्थ यात्रा की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। अल्प संख्यक विकास विभाग के मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ हज कमेटी द्वारा हज यात्रियों को नागपुर तक रेल की विशेष बोगी सहित कई जरूरी सुविधाएं दे रही है। निकट भविष्य में नया रायपुर में हज हाऊस का भी निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसके लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने भी हज यात्रियों को सम्बोधित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने आभार व्यक्त किया। कमेटी के सचिव श्री साजिद मेमन ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर श्री सच्चिदानंद उपासने सहित अनेक स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि तथा हज यात्री उपस्थित थे।