शिवनाथ नदी के मोहारा तट का होगा सौन्दर्यीकरण मुख्यमंत्री ने की 15 करोड़ रूपए मंजूर करने की घोषणा

रायपुर 15 अक्टूबर 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव जिले में शिवनाथ नदी के मोहारा तट के विकास और सौन्दर्यीकरण के लिए 15 करोड़ रूपए मंजूर करने की घोषणा की है। उन्होंने आज जिला मुख्यालय राजनांदगांव स्थित अपने निवास कार्यालय में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। डॉ. सिंह ने राजनांदगांव जिला प्रशासन को इस प्रोजेक्ट के लिए जल्द से जल्द कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को मोहारा के प्रसिद्ध परम्परागत मेले का आयोजन संस्कृति विभाग के सहयोग से करने और मेले के लिए तीन दिवसीय कार्यक्रम बनाने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री को जन्म दिन की बधाई और शुभकामनाएं दी। डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब छत्तीसगढ़ के लोग एक परिवार की तरह हैं। राजनांदगांव की जनता भी मेरा परिवार है। मेरे सार्वजनिक जीवन और उसकी उपलब्धियों में यहां के लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के निःशुल्क इलाज और आपरेशन के लिए बाल हृदय सुरक्षा योजना शुरू करके मुझे सर्वाधिक संतुष्टि मिली है। आज रायपुर में इन बच्चों के साथ और अन्तर्राष्ट्रीय श्वेत छड़ी दिवस के मौके पर दृष्टि बाधित बच्चों के साथ मैंने अपना कुछ समय बिताया। यह मेरा सौभाग्य था। डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह, विधायक श्रीमती सरोजनी बंजारे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दिनेश गांधी, पाठय पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, राज्य बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति के पूर्व उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी, पूर्व महापौर श्रीमती शोभा सोनी सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।