रायपुर : मुख्यमंत्री निवास पहुंचे सान्ता क्लाज : कैरोल गायकों ने डॉ. रमन सिंह को दी बधाई और शुभकामनाएं

raipur

रायपुर, 22 दिसम्बर 2013

 

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पर आज यहां आगामी क्रिसमस त्यौहार की खुशी में सान्ता क्लाजों का आगमन हुआ। उनके साथ स्थानीय मसीही समाज के युवाओं ने कैरोल गायन के माध्यम से मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कैरोल गायकों का अपने निवास में स्वागत किया और उन्हें तथा प्रदेश के मसीही समाज को क्रिसमस के लिए बधाई देते हुए उनके प्रति अपनी शुभेच्छा प्रकट की। चोजन यूथ कैथोलिक मॉनेस्ट्री समूह के अध्यक्ष और प्रचारक दिलप्रीत चड्ढा के नेतृत्व में आए कैरोल गायकों में युवाओं के साथ समाज के कई वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे। कैरोल गायकों ने भगवान यीशु मसीह के जन्म की कथा से संबंधित बाइबिल के सुसमाचार को नृत्य और गीत के रूप में प्रस्तुत किया और डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की जनता की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कैरोल गायकों ने डॉ. रमन सिंह और उनके परिवार के स्वस्थ, सुदीर्घ और खुशहाल जीवन की भी कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ केक काटकर क्रिसमस की खुशियां बांटी। कैरोल गायकों के इस समूहों में सर्वश्री गुरूविन्दर चड्ढा, सिलवेस्टर एक्का, जॉर्ज डेनियल, संजय मिंज, डोमिनिक पन्ना, पीटर सिन्यु, सुप्रीत चड्ढा, गुरप्रीत चड्ढा, रिया फ्रांसिस, सुशीला तिग्गा और अन्य अनेक सदस्य शामिल थे।