रबी फसलों की 85 प्रतिशत बोनी पूर्ण

रायपुर, 11 फरवरी 2015

छत्तीसगढ़ में चालू रबी मौसम में 15 लाख 90 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 85 प्रतिशत है। राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा इस वर्ष 18 लाख 76 हजार हेक्टेयर में रबी फसल बोने का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रबी मौसम में गेहूं, धान, मक्का और जौ-ज्वार सहित अन्य अनाज फसल चार लाख 20 हजार हेक्टेयर में बोने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरूद्ध नौ फरवरी की स्थिति में तीन लाख 56 हजार 380 हेक्टेयर में किसानों ने बोनी पूर्ण कर ली है। दलहनी फसलों के अंतर्गत तीन लाख 48 हजार 340 हेक्टेयर में चना, 47 हजार 180 हेक्टेयर में मटर, 27 हजार 420 हेक्टेयर में मसूर, 15 हजार 310 हेक्टेयर में मंूग, 10 हजार 870 हेक्टेयर में उड़द, तीन लाख 34 हजार 660 हेक्टेयर में तिवरा, 27 हजार 900 हेक्टेयर में कुल्थी तथा छह लाख 880 हेक्टेयर में अन्य दलहनी फसलें बोयी जा चुकी है। इस प्रकार कुल आठ लाख 18 हजार 560 हेक्टेयर में दलहनी फसलों की बुआई हो चुकी है। प्रदेश में रबी मौसम में अलसी, तिल, सूरजमुखी, राई, सरसो, तोरिया, कुसुम, मूंगफल्ली के साथ-साथ अन्य तिलहनी फसलें ली जाती है। चालू रबी मौसम में लगभग दो लाख 32 हजार 30 हेक्टेयर में दलहनी फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। वर्तमान में 24 हजार 430 हेक्टेयर में गन्ने की रोपाई हो चुकी है। इसी प्रकार एक लाख 95 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में साग-सब्जी की बोनी भी की जा चुकी है। एक लाख 83 हजार 900 हेक्टेयर में अन्य फसलें भी बोयी जा चुकी है।