मुख्यमंत्री ने किया ‘उदयाचल सांस्कृतिक भवन’ का लोकार्पण

रायपुर

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज जिला मुख्यालय राजनांदगांव में समाजसेवी संस्था उदयाचल द्वारा निर्मित ‘उदयाचल सांस्कृतिक भवन’ का लोकार्पण किया। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में ‘उदयाचल’ द्वारा लगातार किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजनांदगांव की पुरानी समाजसेवी संस्थाओं में से है। छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी के रूप में कला, साहित्य, खेल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में देश और प्रदेश में राजनांदगांव की एक खास पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव सहित प्रदेशवासियों के सहयोग से तीसरी बार भी हमें छत्तीसगढ़ की सेवा का अवसर मिला है। राज्य ने विगत एक दशक में विकास के हर क्षेत्र में सबके सहयोग से सराहनीय प्रगति की है। आगामी वर्षों में प्रदेश का और भी अधिक तेजी से विकास होगा। डॉ. रमन सिंह ने उदयाचल के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उदयाचल संस्था की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और राजनांदगांव के नवनिर्वाचित लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह में पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव तथा पूर्व विधायक और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।