दुष्कर्म का आरोपी इलाज के दौरान अस्पताल से फरार…!

कोरिया
बैकुंठपुर से सोनू केदार
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक युवक पिछले 6 महीने से मनेंद्रगढ़ उपजेल में बंद था। सप्ताहभर पूर्व मिर्गी की शिकायत होने पर जेल प्रबंधन द्वारा उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया था। शनिवार की देर रात जेल वार्ड में ड्यूटी पर लगे जवानों को चकमा देकर वह वहां से फरार हो गया। बंदी के अस्पताल से भाग जाने से हड़कंप मचा है। पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन की जा रही है।
कोरिया जिले के खडग़वां थानांतर्गत ग्राम गोपालपुर निवासी राजमुकूट खलखो ने 6 महीने पूर्व एक नाबालिग से दुष्कर्म किया था। पीडि़ता व परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
6 महीने से वह मनेंद्रगढ़ उपजेल में बंदी के रूप में बंद था। जेल के भीतर मिर्गी की शिकायत होने पर उसे 26 नवंबर को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया था। उसपर नजर रखने जेल प्रबंधन द्वारा 1-4 की पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। 3 दिसंबर की रात वह खाना खाकर सो गया था और पुलिस जवान उसकी पहरेदारी में लगे हुए थे।
इसी दौरान रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वह उठा और फरार हो गया। इसकी भनक भोर में 4 बजे ड्यूटी कर रहे जवान को लगी। उसने वार्ड से बंदी को गायब देख इसकी सूचना तत्काल उपजेल प्रबंधन को दी।
बंदी के अस्पताल से भाग जाने से उपजेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इधर ड्यूटी में लगे जवानों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।