कोरबा। जिले के टीपी नगर इलाके में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शराब दुकान के नजदीक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त दर्री थाना क्षेत्र के अटल आवास निवासी 40 वर्षीय सुग्रीव रजवार के रूप में की गई है। पेशे से गैरेज में काम कर अपना गुजर-बसर करने वाले सुग्रीव की मौत किन कारणों से हुई, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।
शव मिलने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। घटनास्थल सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मामले की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई।
सीएसईबी चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
