टाटा मैजिक वाहन पुलिया से नीचे गिरी चार मजदूर घायल..एक गंभीर…

अम्बिकापुर 

सीतापुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान का ढलाई कर शाम को टाटा मैजिक वाहर से ग्राम रेवापुर लौटते समय वाहन अनियंत्रित होकर अचानक गांव के समीप पुलिया से नीचे जा गिरी, जिससे वाहन में सवार चार मजदूर घायल हो गये। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कुछ घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में तो गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेवापुर निवासी चंदर बाई पति शिवभजन 40 वर्ष गत दिन गांव के ही अन्य महिलाओं व पुरूष के साथ सीतापुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में ढलाई का काम करने टाटा मैजिक वाहन से गई हुई थी। जहां से ढलाई का काम खत्म कर सभी टाटा मैजिक वाहन में सवार होकर रात लगभग 8 बजे घर लौट रहे थे। जैसे ही रेवापुर के समीप एक पुलिया के पास पहुंचे तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी, जिससे वाहन में सवार चार मजदूर घायल हो गये। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिया से नीचे वाहन को गिरा देख राहगीरों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाल स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने दो मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुये जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जहां एक महिला मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।