गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह काँलेज ग्राउण्ड में

तैयारियों के लिये बैठक संपन्न
अम्बिकापुर 31 दिसम्बर 2013
भारत का 65वां गणतंत्र दिवस समारोह सरगुजा जिले में देश भक्ति की भावना और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से पी.जी. काॅलेज ग्राउण्ड में आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली जायेगी। साथ ही राज्य की जनता को मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये संदेश का वाचन किया जायेगा। समारोह में विकासात्मक गतिविधियों से संबंधित आकर्षक झांकी निकाली जायेगी तथा देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभागीय कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 15 जनवरी तक प्रस्ताव अपर कलेक्टर कार्यालय में आमंत्रित किये गये हैं। गणतंत्र दिवस समारोह मनाने हेतु कलेक्टर श्री आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक संपन्न हुई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित कर ली जाएं और मुख्य समारोह निर्धारित समय में सम्पन्न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सफेद कबूतर एवं रंगीन गुब्बारे कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। मुख्य समारोह के पूर्व प्रमुख कार्यालयों एवं संस्थानों में प्रातः 7.30 बजे और कलेक्टोरेट में 7.45 बजे ध्वजारोहण होगा। ध्वजारोहण में अच्छे झण्डे का उपयोग करने के निर्देश दिये गये हैं। कार्यालय प्रमुखों से कहा गया कि राष्ट्रगान की रिहर्सल पूर्व में ही कर ली जाए। स्कूली बच्चों द्वारा नगर में प्रभात फेरी निकाली जायेगी। शहर में प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाया जायेगा। परेड ग्राउण्ड की तैयारी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था, माइक व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गयी है। रिहर्सल 16 से 24 जनवरी तक होगी। 24 जनवरी को सुबह 9 बजे से अंतिम रिहर्सल होगी। सभी संबंधित अधिकारियों को अंतिम रिहर्सल में अनिवार्य रूप से पहॅुचने के निर्देश दिये गये हैं। गणतंत्र दिवस के दिन शासन के निर्देशानुसार शासकीय कार्यालयों में रौशनी करने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर प्रशासन एवं नागरिक एकादश के मध्य किक्रेट प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु इच्छुक आमंत्रित
कलेक्टर श्री आर. प्रसन्ना ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रस्तुत की जाने वाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शासकीय शालाओं के अतिरिक्त प्रायवेट संस्थाओं, समूहों अथवा महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं से सम्पर्क करने कहा है। कलेक्टर ने बताया है कि मोटर सायकल स्टंट अथवा अन्य प्रदर्शन हेतु इच्छुकों को अंतिम चयन पश्चात् प्रस्तुति हेतु अवसर दिया जाएगा। इस हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त डाॅ. ललित शुक्ला से संपर्क कर जानकारी लेने कहा गया है। तैयारी बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती किरण कौशल, वनमण्डलाधिकारी श्री विवेक आचार्य, सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, अपर कलेक्टर श्री गोपाल जंघेल सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।