Weather Update: भीषण गर्मी से लोगों को राहत, इन राज्यों में अगले 3 दिनों तक होगी बारिश, जानें- आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम



नई दिल्ली। उत्तर भारत में हुई बारिश से कई राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। तेज़ आंधी और जोरदार बारिश के बाद लोग राहत की सांस ले रहे हैं। दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, एमपी झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन सभी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है। फिलहाल पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का दौर बना रहेगा।

जम्मू कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके चलते उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बनी रहेगी। लिहाजा जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में छिटपुट बारिश हो सकती हैं। इसके अलावा तेज हवाएं भी चलने की भी संभावना है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है।

इन राज्यों में अगले 3 दिनों तक बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और बंगाल में तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में बारिश भी जारी रहेगी। इस बीच अच्छी खबर ये है कि नॉर्थ-ईस्ट में अब बारिश थोड़ी कमज़ोर पड़ गई है। लेकिन बंगाल और सिक्किम में अगले 5 दिनों के दौरान कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में चलेगी तेज हवाएं

स्काइमेट वेदर के मुताबिक पूर्वोत्तर अरब सागर, गुजरात के उत्तरी भागों, दक्षिण-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी के ऊपर तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है। उधर केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बढ़ेगा पारा लेकिन झुलसाने वाली गर्मी से रहेगी राहत

झुलसा देने वाली गर्मी अभी हाल फिलहाल दिल्ली से दूर है। बुधवार को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस जबकि बृहस्पतिवार को अधिकतम 39 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस पूरे सप्ताह हल्के बादलों की मौजूदगी रहने और बीच-बीच में गर्जन वाले बादल बनने की गतिविधि होने का पूर्वानुमान है।

हिमाचल में अगले कुछ दिन तक मौसम साफ रहेगा

हिमाचल प्रदेश में अब अगले कुछ दिन तक मौसम साफ रहेगा। दिन में खिलेगी धूप, जिससे तापमान में वृद्धि होगी। तीन दिन तक प्रदेश में हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है।

उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना

उत्तराखंड में पिछले दो दिन से हुई बर्फबारी और बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पर्वतीय इलाकों में बादल छाये रह सकते हैं। हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मैदानों में कहीं कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं।