जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकलतरा के मिनीमाता चौक के पास किराए के मकान में रहता था,साथ उसकी पत्नी भी रहती थी। और आसपास की संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान भेजने का आरोप है। पुलिस के जानकारी के अनुसार उनके बैंक खाते में करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है,साथ जान पहचान वालो के खातों में भी लेनदेन की जानकारी मिली है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली जाकर अपने बॉस को प्रतिबंधित एरिया की जानकारी देता था। फिलहाल देश की सुरक्षा का गंभीर मामला है इसलिए जांजगीर चांपा पुलिस हर एंगल से गंभीरता से पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। वह अपने जीजा के साथ पंजाब से आकर अकलतरा में रह रहा था और एक पावर प्लांट में काम करता था।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के बैंक खातों में करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है। प्रारंभिक जांच में उसकी ट्रैवल हिस्ट्री भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस के अनुसार वह कई बार दिल्ली गया, जहां कथित तौर पर अपने “बॉस” से मिलता था। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसकी गतिविधियों की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी का संपर्क इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से था और वह महत्वपूर्ण लोकेशन व सूचनाएं पाकिस्तान भेजता था। मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में व्हाट्सऐप चैट, वीडियो कॉल, कॉल रिकॉर्डिंग सहित कई अहम डिजिटल सबूत मिलने का दावा किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के विभिन्न नंबरों से संपर्क में था। पुलिस का आरोप है कि उसे पाकिस्तान से असलहा मिलने और वहां से दिए गए टारगेट पर काम करने के निर्देश भी मिले थे। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
