जांजगीर चांपा। जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। सोमवार, 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने मायके गया था, लेकिन पत्नी के साथ लौटने से इंकार करने पर वह अकेला घर वापस आ गया।
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रमेश का पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने ग्राम कटनाई गया हुआ था। लगभग 11:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसके पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों मासूम बच्चों के शव मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी नैला पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर मर्ग कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए योगिताबाली खापर्डे, CSP जांजगीर, स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को हर पहलू से जांच के निर्देश दिए। डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटा हुआ
