सूरजपुर। भटगांव थाना क्षेत्र में आधी रात घर में घुसकर मासूम बच्चों की गर्दन पर चाकू अड़ाकर लाखों की डकैती करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, हथियार और मोबाइल फोन सहित कुल 4.60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
सनसनीखेज वारदात 27 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे ग्राम अधिना सलका में हुई थी। पीड़ित राधेश्याम सिंह के घर का चैनल गेट खोलकर चार नकाबपोश भीतर दाखिल हुए। बदमाशों ने घर में सो रहे बच्चों के गले पर चाकू सटाकर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और अलमारी में रखे 1.50 लाख रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर भटगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत डकैती का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार नजर आई। कार के पंजीयन क्रमांक CG 10 FA 6395 के आधार पर सुराग जुटाते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंची और घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1.40 लाख रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल चाकू, वारदात के वक्त चेहरे पर बांधे गए 4 स्टॉल, विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन और प्रयुक्त कार जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में हुल्लेश्वर दास (35 वर्ष, पोकसरी-बतौली), देवकरण दास उर्फ विजय दास (26 वर्ष, जामडीह-सीतापुर), विकास दास (23 वर्ष, झरगांवा-बतौली), शांतुदास (30 वर्ष, झरगांवा-बतौली), शारदा चौहान (37 वर्ष, तकिया रोड-अम्बिकापुर) और सोनू कुमारी (25 वर्ष, खोरमा-प्रतापपुर) शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, उपनिरीक्षक सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी तथा आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर व रजनीश पटेल की सक्रिय भूमिका रही।
