कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से ‘हिट एंड रन’ का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग कार चालक ने न सिर्फ जिला अस्पताल के सर्जन की कार को सामने से जोरदार टक्कर मारी, बल्कि एक्सीडेंट के बाद उन्हें जान से मारने की नीयत से दोबारा गाड़ी से कुचलने का प्रयास भी किया। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
यह पूरी घटना शनिवार की है, जब जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ 36 वर्षीय सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जमनीपाली दर्री स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रलिया मेन रोड स्थित उमेंदीभांठा के पास भिलाई बाजार की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की किया कार (CG-12 BE-1430) ने लापरवाही से चलाते हुए डॉक्टर की कार को सामने से सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉक्टर की कार के एयरबैग तक खुल गए, फिर भी वह खुद को गंभीर चोटों से नहीं बचा सके। मेडिकल जांच में सामने आया है कि इस हादसे के कारण डॉक्टर की दो पसलियां और हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है, जबकि उनके सीने, पेट, गले और दोनों कलाइयों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
इस घटना का सबसे खौफनाक पहलू टक्कर के ठीक बाद शुरू हुआ। डॉ. डिक्सेना ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि एक्सीडेंट के बाद वे किसी तरह अपनी क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकले। उन्हें बाहर देख आरोपी नाबालिग ने अपनी कार को पीछे लिया और उन्हें दोबारा कुचलने के इरादे से गाड़ी आगे बढ़ा दी। आरोपी के इरादे भांपकर डॉक्टर ने अपनी जान बचाने के लिए मुख्य सड़क छोड़ी और पास के खेतों की तरफ भागकर खुद को बचाया।
घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी और हरदीबाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाली लग्जरी कार इलाके के एक रसूखदार कोल ट्रांसपोर्टर के परिवार की है। घटना के वक्त गाड़ी को एक नाबालिग चला रहा था और कार के भीतर दो अन्य नाबालिग दोस्त भी सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरदीबाजार पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में कार चालक के नाबालिग होने की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त किया कार को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। आरोपी नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है, साथ ही वाहन मालिक और आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
