जांजगीर-चांपा । जिले में नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर बिल को पास न होने देने का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी इस बिल के समर्थन में है और बीजेपी महिलाओं को गुमराह कर सिर्फ चुनावी लाभ लेना चाहती है।
बीजेपी की ओर से जांजगीर चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार यह ऐतिहासिक बिल लेकर आई थी, लेकिन कांग्रेस ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं इसका हिसाब कांग्रेस से लेंगी।
वहीं कांग्रेस से जांजगीर चांपा विधायक व्यास कश्यप ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के समय बिल लेकर महिला वोट बैंक साधने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस जनता को यह बताने मैदान में उतरी है कि केंद्र सरकार महिलाओं के हितों के नाम पर राजनीति कर रही है।
कुल मिलाकर नारी शक्ति वंदन बिल अब महिला सशक्तिकरण से ज्यादा चुनावी हथियार बनता नजर आ रहा है, जहां दोनों दल अपने-अपने दावों पर अड़े हैं और राजनीतिक तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है।
