जांजगीर-चांपा। सक्ति जिले के करही गांव (बिर्रा थाना क्षेत्र) में 23–24 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज आयुष कश्यप गोलीकांड ने अब जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। 20 दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जबकि पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है।
घर में घुसकर फायरिंग…
आयुष की मौत रेत व्यवसायी के घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने दो भाइयों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में आयुष कश्यप की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल भाई के हाथ में गोली लगी थी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
20 दिन बाद भी आरोपी फरार…
घटना के 20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। नकाबपोश आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अलग-अलग राज्यों में दबिश, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल…
करही गोलीकांड के बाद शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लगातार हो रही जघन्य वारदातों से आम जनता में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
रेत कारोबार बना विवाद की जड़…?
परिजनों का आरोप है कि आयुष की हत्या रेत कारोबार से जुड़ी व्यावसायिक रंजिश का नतीजा है। आयुष का रेत और दुकान का कारोबार अच्छा चल रहा था, जिसके चलते कई बार टकराव और विवाद की स्थिति बनी। आयुष के पिता ने ऑफ द रिकॉर्ड खुलासा करते हुए जैजैपुर के एक भारतीय जनता पार्टी नेता के रिश्तेदारों पर गंभीर आशंका जताई है। परिजनों का दावा है कि इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजनीति गरमाई, विपक्ष का हमला….
घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने 18 मई को एसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी देकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
पुलिस जांच पर उठे सवाल…
पीड़ित परिवार ने जांच की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इतने गंभीर हत्याकांड में भी पुलिस की नाकामी प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है।
बिलासपुर आईजी कार्यालय तक गुहार…
न्याय की तलाश में आयुष के परिजन बिलासपुर आईजी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने गृह मंत्री से भी मिलकर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
