जांजगीर चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भंवतरा में बीती रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से नृशंस हत्या ने पूरे जिले को हिला दिया है। सोते समय घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने टांगी जैसे हथियार से हमला कर चारों की मौके पर ही हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत, मातम और आक्रोश है। घटना बीती रात की बताई जा रही हैं। घटना के बाद मौके में पुलिस पहुंचकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वाड की मदद ले रही हैं।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांति बाई (65), नातिन मोगरा (25) और नाती पीतांबर (17) के रूप में हुई है। सभी रात में भोजन के बाद घर में सो रहे थे। आज सुबह ग्रामीणों को घटना का पता चला, जिसके बाद सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब जिले में पिछले महीने भी एक बड़ी आपराधिक घटना हो चुकी है, जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ। करही गांव की गोलीकांड घटना के बाद भी गश्त और खुफिया तंत्र मजबूत करने के दावे किए गए थे, लेकिन भंवतरा की यह घटना उन दावों की पोल खोलती दिख रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात्री गश्त न के बराबर है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एक ही परिवार में पहले 16–17 वर्ष पूर्व बेटे सोनसाय कश्यप की हत्या और अब चार लोगों का दर्दनाक हत्या पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी हैं।
ग्रामीणों ने घटना की जांच कर तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की हैं। अब सवाल उठ रहे है कि क्या पुलिस किसी और बड़ी वारदात के बाद ही जागेगी।
इस घटना के बाद जांजगीर-चांपा जिले में बढ़ते अपराधों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
