जांजगीर-चांपा जिले के एक राइस मिल परिसर में खड़े ट्रकों की बैटरी चोरी करने वाले चोर को ट्रक ड्राइवरों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद ड्राइवर संघ ने आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
ड्राइवरों के अनुसार आरोपी कई महीनों से राइस मिल में खड़े ट्रकों को निशाना बना रहा था। देर रात या सुनसान समय में ट्रकों से बैटरी चोरी कर ले जाता था, जिससे ट्रक मालिकों और चालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। चोरी की गई बैटरियों को कबाड़ी के पास बेचे जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान चोरी का सामान बेचने को लेकर आरोपी और कबाड़ी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चोर की पहचान उजागर हो गई।
ट्रक ड्राइवरों का आरोप है कि लगातार हो रही बैटरी चोरी की शिकायतें पहले भी पुलिस को दी गई थीं, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण चोर के हौसले बढ़ते गए। घटना के बाद आक्रोशित ट्रक मालिकों और ड्राइवरों ने एकजुट होकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और चोरी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात….
राइस मिल परिसर में खड़े ट्रकों की बैटरी चोरी की वारदात अब सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर कैद हो गई है। फुटेज में चोर ट्रकों से बैटरी निकालते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद ट्रक ड्राइवरों और मालिकों का शक पुख्ता हो गया।
लगातार कई महीनों से हो रही बैटरी चोरी से परेशान ट्रक ड्राइवरों ने निगरानी बढ़ाई और इसी दौरान आरोपी को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद ड्राइवर संघ ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि चोरी की गई बैटरियों को बेचने के लिए आरोपी कबाड़ी के पास जाता था, जहां चोरी का सामान बेचने को लेकर विवाद भी हुआ था। अब पुलिस कबाड़ी के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती हैं।
