लिपिकों का सांकेतिक हड़ताल संपन्न.. कलेक्ट्रेट सहित सभी कार्यालयों में तालाबंदी….

बलरामपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर लिपिको द्वारा किये जा रहे आंदोलन के चतुर्थ चरण में आज बलरामपुर जिले में लिपिको ने सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन किया एवं रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। लिपिको के सामूहिक अवकाश पर जाने से कलेक्ट्रेट, कोषालय सहित समस्त कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप्प रहा।
विदित हो कि आज ही कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के द्वारा भी सांकेतिक हड़ताल का आयोजन किया गया था, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने भी लिपिको का साथ दिया, जिससे पूरे जिले के शासकीय कार्य बुरी तरह प्रभावित हुये।
लिपिक संघ के जिलाध्यक्ष रमेश तिवारी ने बताया प्रदेश भर के हजारों लिपिको की वेतन विसंगति विगत 37 वर्षों से चली आ रही है, जिसको दूर करने के लिये कोई पहल सरकार ने नहीं किया। कई चरणों में ज्ञापन सौंपने के बावजूद सरकार के द्वारा इस विषय पर किसी भी प्रकार का कोई सकारात्मक कार्यवाही न करने से सरकार की असंवेदनशीलता उजागर हुई है। प्रदेश का लिपिक वर्ग आज कुंठित है, और स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है।
आज आंदोलन के चतुर्थ चरण में जिले में सामूहिक अवकाश लेकर सांकेतिक हड़ताल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके बाद भी माँग पूरी न होने पर प्रदेश भर के समस्त लिपिक 26 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे।
आज की रैली में जिले के समस्त लिपिकों ने सक्रियता से भाग लिया और आंदोलन को सफल बनाया।
रैली में लिपिक संघ के संरक्षक त्रिभुवन यादव, इम्तियाज अहमद, नयनतारा सिंह, आर एन पटेल, अनुज गुप्ता, अकरम अली, आशीष गुप्ता, विकास कश्यप, एस पी कुशवाहा, टी आर शर्मा, उमेश गुप्ता, अभिमन्यु यादव, घनश्याम नायक, राजेश मिश्रा, राजेन्द्र श्रीवास्तव, योगेश श्रीवास्तव, विनोद बेक, अनूप रवि, संदीप, विनोद, प्रभात, चन्द्रिका, रीता बिरथरे, यशोदा बघेल, सरवन्ति रवि, अर्चना सहित सैकड़ो लिपिकों ने भाग लिया।