रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए राजधानी रायपुर पूरी तरह तैयार है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंच रहे हैं, जहां वे मुख्य अतिथि के रूप में इस राष्ट्रीय समारोह में शामिल होंगे। रेल मंत्री के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक चाक-चौबंद व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में आरपीएफ के जवान अनुशासित परेड प्रस्तुत करेंगे, जिसका रोजाना कड़ा अभ्यास किया जा रहा है। इसके साथ ही आरपीएफ की विशेष बैंड पार्टी की धुनें कार्यक्रम में समां बांधेंगी। आयोजन स्थल पर रेल मंत्री के मुख्य मंच तक पहुंचने के लिए कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि परेड ग्राउंड के चारों ओर मुरुम बिछाकर नई सड़कों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वीआईपी दौरे के मद्देनजर रायपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों का कायाकल्प तेज गति से चल रहा है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए फुटओवर ब्रिज पर आधुनिक लिफ्ट लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। डीआरएम कार्यालय से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के पूरे मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
सुरक्षा और सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर बांस-बल्लियों के सहारे रंगीन पर्दे लगाए गए हैं और मार्ग के अस्थाई ठेलों व गुमटियों को व्यवस्थित किया गया है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर हर छोटी-बड़ी तैयारी का जायजा ले रहे हैं, ताकि 12 अक्टूबर का यह राष्ट्रीय आयोजन पूरी गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।
