अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गांधी चौक के पास एक व्यस्त चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोटरसाइकिल चालक ने सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क पर स्थित एक गहरे गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने की वजह से बाइक के पीछे बैठी महिला सीधे चलती हुई ट्रक के सामने जा गिरी।
महिला को अचानक सामने गिरता देख ट्रक ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय दिया। उसने बिना वक्त गंवाए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ड्राइवर की इस त्वरित कार्रवाई की वजह से महिला की जान तो बच गई, लेकिन उसका हाथ ट्रक के पहिए की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
