रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रायपुर पुलिस ने इस मामले में कड़ी मशक्कत के बाद झारखंड के बोकारो से दो शातिर ठगों को धर दबोचा है। कंचनगंगा फेस-2 में रहने वाले सीए विष्णु दत्त बघेल ने 8 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर कुछ अज्ञात मैसेज आए, जिन्हें खोलते ही उनका फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके यूको और एक्सिस बैंक खातों से 8 से 10 नवंबर के बीच किश्तों में 3.94 लाख रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में ट्रेस की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लंबी निगरानी के बाद कटका निवासी विशाल कुमार सिंह (26) और बांधडीह निवासी महेश प्रसाद सिंह (34) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे देशभर में इसी तरह फर्जी मैसेज भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करते हैं और खातों से पैसे उड़ाते हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
फिलहाल, जब्त डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और देशभर में की गई अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आरोपियों के सोशल मीडिया और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल कर रही है।
