– BMO पुष्पेंद्र लहरे के नेतृत्व में गठित टीम ने की थी श्री मल्टी हॉस्पिटल बर्न एवं ट्रामा सेंटर की जांच, प्रतिवेदन सौंपने में देरी से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जांजगीर चाम्पा। मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर श्री मल्टी स्पेशलिटी बर्न एवं ट्रामा सेंटर की शिकायत जब CM हेल्पलाइन तक पहुंची, तब स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम गठित कर अस्पताल की जांच तो करा ली, लेकिन अब जांच के बाद की कार्रवाई ही ठंडे बस्ते में जाती नजर आ रही है। BMO नवागढ़ पुष्पेंद्र लहरे के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान दर्जनों कमियां सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जांच के बाद भी अब तक जांच प्रतिवेदन सीएमएचओ कार्यालय तक नहीं पहुंचने से कार्रवाई की प्रक्रिया अटकी हुई है।
सवाल यह है कि जब शिकायत के बाद विभाग ने जांच टीम गठित की, टीम ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया और कई कमियों को चिह्नित किया, तो फिर जांच प्रतिवेदन सौंपने में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या जांच टीम को प्रतिवेदन तैयार करने में इतनी लंबी अवधि लग रही है या फिर मामला विभागीय फाइलों में उलझकर रह गया है?
अस्पताल की कार्यप्रणाली, चिकित्सकों की योग्यता एवं उपलब्धता, नियुक्ति संबंधी दस्तावेज और मरीजों से लिए जाने वाले शुल्क सहित विभिन्न बिंदुओं पर शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में जांच के दौरान मिली कमियों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करना और नियमानुसार कार्रवाई करना विभाग की जिम्मेदारी है।
जांच के नाम पर खानापूर्ति या कार्रवाई की तैयारी?
स्वास्थ्य विभाग की जांच केवल निरीक्षण और कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन और गंभीर अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच के बाद प्रतिवेदन ही लंबित रहने से शिकायतकर्ता और आम लोगों के मन में सवाल उठना लाजिमी है।
अब निगाहें सीएमएचओ कार्यालय पर टिकी हैं कि वह जांच टीम से प्रतिवेदन कब तक प्राप्त करता है और मामले में कब तक निर्णय लेता है। जांच में सामने आई कमियों की पुष्टि होने पर अस्पताल प्रबंधन पर बड़ी कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई कब फाइलों से बाहर निकलेगी?
