रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। भिलाई-3 से स्कूटी पर सवार होकर रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे एक ही परिवार के पांच लोग तेज रफ्तार का शिकार हो गए। कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर सड़क किनारे ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे एक खड़े ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी बेहद तेजी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक 8 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस खौफनाक दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, लहूलुहान हालत में मिले 8 वर्षीय मासूम भावेश को तुरंत रायपुर एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाली लेन में हुआ। स्कूटी (CG 07 DE 5847) को 28 वर्षीय अमृता निर्मलकर चला रही थीं। उनके साथ गाड़ी पर लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), 7 वर्षीय यासना, 4 वर्षीय डाली और मासूम भावेश सवार थे। पलक झपकते ही हंसता-खेलता परिवार हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे समा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, साथ ही ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
