फटाफट डेस्क। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच के एक कैबिन को सुहागरात के कमरे की तरह सजाने का मामला सोशल मीडिया पर छाने के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नंदीग्राम एक्सप्रेस के भीतर बने इस ‘हनीमून सुइट’ का वीडियो वायरल होते ही रेल मंत्रालय ने सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए संबंधित टिकट चेकर (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
यह पूरा मामला 6 जुलाई का है, जब ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक नवविवाहित जोड़े ने अपने सफर को यादगार बनाने के लिए एक अनोखा रास्ता चुना। उन्होंने चलती ट्रेन के फर्स्ट एसी कूपे को सजवाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से एक निजी डेकोरेटर को हायर किया था। इस डेकोरेटर ने ट्रेन के भीतर अनधिकृत रूप से प्रवेश कर पूरे कैबिन को गुब्बारों और फूलों से किसी होटल के कमरे की तरह सजा डाला।
सफर के दौरान जब साथी यात्रियों और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो सामने आया, तो इंटरनेट पर बहस छिड़ गई। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। रेल मंत्रालय ने इस पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि चलती ट्रेन में किसी भी बाहरी और निजी वेंडर या डेकोरेटर का इस तरह प्रवेश करना सुरक्षा के लिहाज से एक बेहद गंभीर लापरवाही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑन-ड्यूटी स्टाफ की कस्टडी में इस तरह का अनधिकृत काम होना उनकी मिलीभगत या बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। इसी के चलते संबंधित कर्मचारी को सस्पेंड किया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
