बलरामपुर..(कृष्णमोहन कुमार)..जिले के पिपरसोत गांव में 19 जनवरी 2026 को हुए ओरछा बस हादसे के मृतकों के परिजनों और घायलों को आखिरकार मुआवजा राशि मिल गई है। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के अथक प्रयास और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव ने गांव पहुंचकर पीड़ितों को चेक सौंपे।
दरअसल, पिपरसोत गांव से एक निजी शैक्षणिक संस्थान की स्कूल बस में सवार लगभग 105 ग्रामीण महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध गांव में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ओरछा घाटी में बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हृदयविदारक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। वहीं 74 ग्रामीण घायल हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया था। जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और मृतकों के शवों को पिपरसोत लाने में मदद की थी।
घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की थी। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से अब यह राशि वितरित की गई है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव ने पिपरसोत पहुंचकर मृतकों के परिजनों को 05-05 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
