मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौनिहालों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एक लापरवाह शिक्षक पर गाज गिरी है। पथरिया विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) महाजन राम जाटवर को शराब के नशे में स्कूल धुत्त होकर पहुंचना बेहद महंगा पड़ गया। जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे ग्रामीणों का लंबा आक्रोश था। ग्रामीण पिछले काफी समय से शिकायत कर रहे थे कि उक्त शिक्षक अक्सर शराब के नशे में चूर होकर स्कूल आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और स्कूल का माहौल पूरी तरह बर्बाद हो रहा था। ग्रामीणों की बार-बार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रतिभा मंडलोई ने बीते दिनों स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षक महाजन राम जाटवर रंगे हाथों नशे की हालत में पाए गए। सच को पूरी तरह सामने लाने के लिए अधिकारी तुरंत उन्हें मेडिकल टेस्ट के लिए ले गए, जहां डॉक्टरों ने भी उनके शरीर में अत्यधिक मात्रा में अल्कोहल (शराब) होने की पुष्टि कर दी।
हैरानी की बात यह है कि जब जांच टीम और ग्रामीणों के सामने शिक्षक की यह करतूत पकड़ी गई, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए अधिकारियों और ग्रामीणों से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। हालांकि, शिक्षा विभाग ने बच्चों के भविष्य और अनुशासन से समझौता न करते हुए इस माफी को दरकिनार कर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने निलंबन आदेश में स्पष्ट किया है कि शिक्षक का यह कृत्य ‘छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम’ का सीधा और गंभीर उल्लंघन है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। निलंबन की इस अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पथरिया तय किया गया है।
